मुख्यमंत्री से पूर्व विधायक की पत्नी तथा पुत्रों की भेंट से बढ़ी सरगर्मी


कालपी(जालौन)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महाराज से लखनऊ में पूर्व विधायक  छोटे सिंह चौहान  की पत्नी श्रीमती रमा कांति तथा  युवा पुत्रों ने शिष्टाचार भेंट कर कई मुद्दो पर चर्चा की है। इस मुलाकात से 220 कालपी विधानसभा क्षेत्र के आगामी 2027 के चुनाव को लेकर राजनैतिक गलियारों में नई चर्चा तेज हो गई है।

मालूम हो कि जनपद की राजनीति में पूर्व विधायक छोटे सिंह चौहान का नाम किसी परिचय का मोहताज नहीं है। वर्ष 2012 से 2017 तक कालपी सीट से बसपा के विधायक रहने की वजह से वह काफी सुर्खियों में रहे हैं। 2022 का चुनाव निषाद पार्टी - भाजपा गठबंधन से मैदान में उतरे थे। लेकिन मात्र 2 हजार मतों के मामूली अंतर से चुनाव में हार गए थे। पिछले महीने एक एक पुराने आपराधिक मुकदमे में पूर्व विधायक छोटे सिंह चौहान को आजीवन कारावास की सजा हुई है। तथा वह जेल में बंद हैं। तेज तर्रार शैली के नेता होने की वजह से जनता में छोटे सिंह काफी चर्चित है। रविवार को पूर्व विधायक की पत्नी रमाकांति सिंह चौहान, उनके पुत्र  रजत सिंह चौहान एवं भीम सिंह चौहान ने लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट की। मुलाकात के दौरान क्षेत्रीय विकास कार्य, शासन की योजनाओं के अलावा राजनीतिक, सामाजिक मसलों को लेकर चर्चा की गयी। कालपी विधानसभा क्षेत्र में छोटे सिंह चौहान तीन बार चुनाव मैदान में उतर चुके हैं। पिछले चुनाव 2022 में  वह मामूली अंतर से पराजित हुए थे। दरअसल न्यायालय की सजा की वजह से छोटे सिंह चौहान खुद चुनाव नहीं लड़ सकते हैं। समझा जाता है कि आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में 220 कालपी विधानसभा सीट से पूर्व विधायक की पत्नी या पुत्र मैदान में उतर सकते हैं। इस दृष्टिकोण से कालपी में नई राजनीतिक सरगर्मी भी शुरू हो गई है। 
फोटो परिचय-लखनऊ में मुख्यमंत्री से मुलाकात करते पूर्व विधायक के पुत्र एवं पत्नी

Post a Comment

Previous Post Next Post