उरई(जालौन)। जनपद जालौन में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती परीक्षा-2025 का प्रथम दिवस सोमवार को नकलविहीन, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हो गया।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने परीक्षा केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, बायोमेट्रिक सत्यापन व सघन तलाशी के बाद ही अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया। मोबाइल, स्मार्ट वॉच व ब्लूटूथ डिवाइस जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूर्णतः प्रतिबंधित रहे।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में कुल 09 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा 08, 09 एवं 10 जून 2026 को दो पालियों में आयोजित हो रही है। तीन दिनों की कुल छह पालियों में 19,584 अभ्यर्थी शामिल होंगे। प्रथम दिवस की प्रथम पाली में 3,264 में से 2,556 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 708 अनुपस्थित रहे। द्वितीय पाली में 3,264 में से 2,562 उपस्थित व 702 अनुपस्थित रहे। दोनों पालियों में कुल 6,528 अभ्यर्थियों में से 5,118 ने परीक्षा दी, जबकि 1,410 अनुपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षा को पूर्णतः निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। प्रशासन एवं पुलिस की संयुक्त टीमें परीक्षा की शुचिता बनाए रखने हेतु लगातार निगरानी कर रही हैं। अगले दो दिनों के लिए भी कड़े सुरक्षा प्रबंध जारी रहेंगे।
फोटो परिचय- पुलिस परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण करते डीएम एसपी
फोटो परिचय- पुलिस परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण करते डीएम एसपी
Post a Comment