दो गांवों में बृहद गौसंरक्षण केंद्रों की रखी गई आधारशिला,


-- 3 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का शुभारंभ
कालपी (जालौन)। निराश्रित गोवंशों के संरक्षण एवं बेहतर व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से क्षेत्र के दो गांवों में बृहद गौसंरक्षण केंद्रों के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। विधायक ने विधि-विधान के साथ भूमि पूजन कर परियोजनाओं की आधारशिला रखी।
कदौरा विकासखंड के ग्राम कानाखेड़ा में उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ द्वारा निर्मित किए जाने वाले बृहद गौसंरक्षण केंद्र के भूमि पूजन कार्यक्रम में विधायक विनोद चतुर्वेदी ने कहा कि प्रदेश सरकार गोवंश संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। इसी क्रम में ग्रामीण क्षेत्रों में आधुनिक सुविधाओं से युक्त गौसंरक्षण केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं, जिससे निराश्रित गोवंशों को सुरक्षित आश्रय मिल सके। उन्होंने बताया कि कानाखेड़ा और रामपुर गांवों में बनने वाले गौसंरक्षण केंद्रों पर तीन करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि व्यय की जाएगी। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से गोवंश संरक्षण व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा किसानों को भी राहत मिलेगी।
इसके बाद विधायक ने विकासखंड के ग्राम रामपुर पहुंचकर वहां प्रस्तावित बृहद गौसंरक्षण केंद्र के निर्माण कार्य का भी भूमि पूजन किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि सड़क, पेयजल और अन्य आधारभूत सुविधाओं के साथ-साथ पशु संरक्षण के क्षेत्र में भी लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
भूमि पूजन कार्यक्रम में निर्माण संस्था के अभियंताओं, जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रीय गणमान्य लोगों ने सहभागिता की। इस अवसर पर रमेश मिश्रा, संजीव उपाध्याय सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post