कालपी (जालौन)। शासन की जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं को ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने के उद्देश्य से रविवार को क्षेत्र के विभिन्न प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री जनआरोग्य मेलों का आयोजन किया गया। मेलों में चिकित्सकीय टीमों ने कुल 139 मरीजों की जांच कर उपचार प्रदान किया तथा उन्हें स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श दिए।
नगर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उदनपुरा में आयोजित मेले की अध्यक्षता चिकित्साधिकारी डॉ. अमित पोरवाल ने की। यहां 48 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया गया, जिनमें 32 पुरुष और 16 महिलाएं शामिल रहीं। शिविर में मधुमेह की जांच के लिए पांच लोगों के शुगर टेस्ट किए गए, जबकि बुखार एवं त्वचा रोग से संबंधित छह-छह मरीजों की जांच कर आवश्यक दवाएं वितरित की गईं। होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. रंजना सिंह ने उपस्थित लोगों को परिवार कल्याण कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। उन्होंने नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, संतुलित आहार और स्वच्छ जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया। इसी प्रकार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र महेवा में डॉ. शेख शहरयार की देखरेख में 20 मरीजों का उपचार किया गया। वहीं बावई स्वास्थ्य केंद्र में 21, चुरखी में 24 तथा नियामतपुर स्वास्थ्य केंद्र में 21 मरीजों को चिकित्सकीय सेवाएं प्रदान की गईं। मेलों के दौरान परिवार कल्याण कार्यक्रम के तहत कंडोम, गर्भनिरोधक गोलियों सहित अन्य स्वास्थ्य सामग्री का वितरण किया गया। चिकित्सकों ने लोगों को भीषण गर्मी और लू से बचाव के उपाय बताते हुए पर्याप्त पानी पीने, धूप से बचने तथा स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या पर तत्काल चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री जनआरोग्य मेलों का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के लोगों को उनके निकट ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के प्रति जागरूक करना है।
Post a Comment