उरई(जालौन)। प्रदेश के खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय के जालौन दौरे को लेकर व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंत्री के स्वागत के लिए बुंदेलखंडी परंपरा के अनुरूप भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया है।
कार्यक्रम संयोजक एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुदामा दीक्षित के नेतृत्व में पूरा शहर होर्डिंग्स और बैनरों से सज गया है। मंत्री के आगमन पर गोविन्दम चौराहे से अगवानी शुरू होगी, जिसके बाद ई-रिक्शाओं की स्वागत यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा में बग्घी, ऊंट, घोड़े और बैलगाड़ियों को शामिल किया गया है, जो बुंदेलखंड की लोक संस्कृति का जीवंत उदाहरण प्रस्तुत करेगी।
मेडिकल कॉलेज के ऑडिटोरियम में नागरिक अभिनंदन समारोह का आयोजन होगा, जहां विभिन्न संगठनों द्वारा मंत्री का सम्मान किया जाएगा। मंत्री विकास भवन में अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे।दौरे के दौरान मंत्री पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुदामा दीक्षित के आवास ‘क्षीर सागर’ भी जाएंगे। दोनों के बीच पारिवारिक संबंध होने के कारण वहां विशेष उत्साह है। कार्यक्रम के अंत में मंत्री पत्रकारों से संवाद करेंगे। सुदामा दीक्षित ने कहा कि यह स्वागत केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि बुंदेलखंड की आत्मीयता और परंपरा का प्रतीक है। मंत्री का यह दौरा जनपद के विकास को नई गति देगा।
फोटो परिचय- जानकारी देते सुदामा दीक्षित
Post a Comment