मुख्यमंत्री के जन्मदिवस पर पालिकाध्यक्ष ने किया गौशाला में पौधरोपण व गौपूजन


कालपी (जालौन)। शुक्रवार को विश्व पर्यावरण दिवस एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस के अवसर पर नगर पालिका परिषद द्वारा गौशाला परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद यादव ने अधिशाषी अधिकारी के साथ पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। साथ ही गौपूजन कर गौवंशों को गुड़, चना एवं फल खिलाए गए।

 इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष अरविंद यादव ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस पर यह पौधरोपण अभियान प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। गौसेवा भारतीय संस्कृति की पहचान है और गौवंशों की सेवा से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।

अधिशाषी अधिकारी अवनीश कुमार शुक्ला ने अपने संबोधन में कहा कि स्वच्छ एवं हरित वातावरण के लिए पौधरोपण अत्यंत आवश्यक है। नगर पालिका द्वारा समय-समय पर पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम संचालित किए जाते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे केवल पौधे ही न लगाएं, बल्कि उनकी देखभाल भी करें ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण मिल सके।
कार्यक्रम में राजस्व निरीक्षक अजीत यादव, नामित सभासद रविन्द्र सिंह कोरी, सभासद प्रतिनिधि आशु बाबा, रब्बू यादव, गंगाराम प्रजापति, आशीष यादव, शरद तिवारी सहित उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए पौधों की देखरेख का संकल्प लिया।
फोटो परिचय-गौपूजन करते पालिकाध्यक्ष एवं ईओ

Post a Comment

Previous Post Next Post