-दौलतपुर के पास डम्पर-ट्राला भिड़ने से लगा भीषण जाम
कालपी (जालौन)। पुराने यमुना पुल पर चल रहे मरम्मत कार्य के कारण लागू डायवर्जन व्यवस्था शनिवार को एक बार फिर भारी अव्यवस्था का कारण बनी। दौलतपुर गांव के समीप एक डम्पर ने पीछे से ट्राले में टक्कर मार दी, जिससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। जोल्हूपुर मोड़ से लेकर चौरा तक जाम की स्थिति बन गई जिससे वाहन करीब पांच घंटे तक फंसे रहे।
रविवार को दौलतपुर के पास एक डम्पर ने ट्राले में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के बाद दोनों वाहन सड़क पर फंस गए, जिससे डायवर्जन मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया। सड़क संकरी होने और वाहनों का दबाव अधिक होने के कारण देखते ही देखते कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। अमलतास तिराहे तक वाहनों की लंबी कतारें दिखाई दीं। आईएमटी इंचार्ज इंगलेश शर्मा ने बताया कि दुर्घटना के बाद पुलिस और संबंधित विभागों को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद धीरे-धीरे यातायात बहाल हो सका।
उधर, डायवर्जन मार्ग पर लगातार लग रहे जाम को गंभीरता से लेते हुए उपजिलाधिकारी अमित शेखर एवं क्षेत्राधिकारी अवधेश कुमार सिंह ने राष्ट्रीय राजमार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि कुछ वाहन चालक जल्दी निकलने के प्रयास में हाईवे पर बने कटों से विपरीत दिशा में प्रवेश कर जाते हैं, जिससे जाम की स्थिति और गंभीर हो जाती है। समस्या के स्थायी समाधान के लिए गल्ला मंडी तथा अमलतास तिराहे के पास बने डिवाइडर कटों को बंद करने का निर्णय लिया गया है। अधिकारियों का मानना है कि इससे गलत दिशा में वाहनों की आवाजाही रुकेगी और यातायात व्यवस्था बेहतर हो सकेगी।निरीक्षण के दौरान कोतवाल अजय ब्रह्म तिवारी, एनएचएआई की कार्यवाहक संस्था के अधिकारी अंकेश श्रीवास्तव, आईएमटी इंचार्ज इंगलेश शर्मा, सुरक्षा प्रबंधन अधिकारी इरफान खान सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
फोटो परिचय- यमुना पुल डायवर्जन का निरीक्षण करते प्रशासनिक अधिकारी
Post a Comment