- 10 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
उरई(जालौन )। राजकीय मेडिकल कॉलेज जालौन में विश्व पर्यावरण दिवस पर शुक्रवार को वृहद पौधरोपण अभियान चलाया गया। इस दौरान कॉलेज परिसर में अधिकारियों, चिकित्सकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम का आयोजन प्रधानाचार्य डॉ. महेंद्र सिंह के निर्देशन में किया गया। पौधरोपण के दौरान उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर, कार्यस्थल और आसपास के क्षेत्रों में अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण मिल सके।
उन्होंने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप मेडिकल कॉलेज में 10 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए चरणबद्ध तरीके से वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। प्रधानाचार्य ने उपस्थित चिकित्सकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को पौधरोपण के साथ उनकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके संरक्षण से ही पर्यावरण संतुलन बनाए रखा जा सकता है। इस अवसर पर डॉ. हरमूर्ति सिंह, डॉ. जितेंद्र मिश्रा, डॉ. हर्ष पटेल सहित अन्य अधिकारी, चिकित्सक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
Post a Comment