छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए तहसील सभागार में विशेष संवाद


जालौन। स्थानीय तहसील सभागार में कल तहसील क्षेत्र की छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य और शिक्षा स्तर सुधारने के उद्देश्य से एक प्रेरणादायक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से संयुक्त मजिस्ट्रेट/एसडीएम रिंकू सिंह राही (प्।ै) एवं शिक्षाविद् डॉ. नितिन मित्तल शामिल हुए।

संवाद के दौरान एसडीएम रिंकू सिंह राही ने छात्राओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि आज बेटियाँ हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं। शिक्षा ही वह माध्यम है, जिससे कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने समय प्रबंधन, कड़ी मेहनत और प्रशासनिक सेवाओं सहित प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के टिप्स दिए। एसडीएम ने आश्वासन दिया कि क्षेत्र के प्रत्येक गाँव में वाचनालय एवं खेल मैदान की व्यवस्था पूरी की जाएगी, साथ ही नगर में ‘अभ्युदय कोचिंग’ प्रारंभ करने का वादा किया, ताकि मेधावी छात्राएँ अपने सपने पूरे कर सकें।

वहीं शिक्षाविद् डॉ. नितिन मित्तल ने बदलते शिक्षा परिवेश और बालिकाओं की शिक्षा की अनिवार्यता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि समाज का वास्तविक विकास तभी संभव है, जब बेटियाँ उच्च शिक्षित और आत्मनिर्भर हों। आर्थिक तंगी या कोई अन्य बाधा उनके सपनों में रोड़ा नहीं बननी चाहिए। डॉ. मित्तल ने छात्राओं को हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
इस गरिमामयी वार्ता में तहसील क्षेत्र की लगभग 100 छात्राओं ने भाग लिया। प्रशासनिक अधिकारी और प्रतिष्ठित शिक्षाविद को पाकर छात्राएँ अत्यधिक उत्साहित दिखीं। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के संवाद से खोया हुआ आत्मविश्वास लौटता है और आगे बढ़ने की नई राह मिलती है।
फोटो परिचय- बच्चों से विशेष संवाद करते संयुक्त मजिस्ट्रेट रिंकू सिंह राही

Post a Comment

Previous Post Next Post