उरई(जालौन)। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद में 5 से 21 जून 2026 तक जनकल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान चलेगा। प्रभारी मंत्री एवं गन्ना विकास राज्य मंत्री संजय सिंह गंगवार ने वर्चुअल बैठक में तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों की ऐतिहासिक उपलब्धियों व जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाई जाए।
प्रभारी मंत्री ने बताया कि अभियान का शुभारंभ 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस पर वृहद वृक्षारोपण से होगा। 8 से 14 जून तक विशेष जनसंपर्क कार्यक्रम होंगे, वहीं 11 से 14 जून तक मीडिया संवाद में उपलब्धियों की तथ्यात्मक जानकारी दी जाएगी। 14 से 16 जून को जनकल्याण शिविरों व स्वास्थ्य मेलों का आयोजन होगा, जिसमें पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा।16 व 17 जून को विकसित भारत संकल्प सम्मेलन में किसानों, युवाओं, उद्यमियों व स्वयं सहायता समूहों से संवाद किया जाएगा। 17 से 20 जून तक विकास प्रदर्शनियों के माध्यम से सरकार की उपलब्धियां प्रदर्शित की जाएंगी। 18 व 19 जून को प्राकृतिक खेती कार्यशाला आयोजित होगी, जिसमें किसानों को जैविक खेती की उन्नत तकनीक बताई जाएगी। 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जनपद से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक योग कार्यक्रम होंगे। इसके अलावा रात्रि चौपाल, क्षेत्रीय भ्रमण व जनसंवाद के जरिए ग्रामीण समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने सभी विभागों को जिम्मेदारियां आवंटित कर दी हैं। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम अनुरागी, सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा, माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन, पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष उर्विजा दीक्षित व अन्य दलों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
फोटो परिचय- जनकल्याण अभियान की रणनीति बनाते अधिकारी व भाजपा नेता
Post a Comment