माधौगढ़(जालौन)। उपजिलाधिकारी माधौगढ़ विनय कुमार मौर्य ने मंगलवार शाम लगभग 7 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) माधौगढ़ का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, साफ-सफाई व्यवस्था, दवा उपलब्धता तथा मरीजों को प्रदान की जा रही सेवाओं का गहन निरीक्षण किया।
उपजिलाधिकारी ने आपातकालीन कक्ष, दवा वितरण केंद्र, प्रसूति कक्ष एवं विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. मनीष राजपूत एवं स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। उन्होंने चिकित्सकों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि मरीजों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संवेदनशील स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर की स्वच्छता, दवाओं की उपलब्धता तथा अभिलेखों के रख-रखाव की भी समीक्षा की गई। उपजिलाधिकारी ने अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया और उनकी समस्याएं सुनीं।
जनरेटर कक्ष के समीप गंदगी पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित कर्मचारियों को 24 घंटे के भीतर सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही अस्पताल परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
उपजिलाधिकारी विनय कुमार मौर्य ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी स्वास्थ्य सेवाएं सुचारु रूप से संचालित हों तथा मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Post a Comment