बेहतर विकास विन्यास और अच्छी आय ने जिला पंचायत को दिलाया आईएसओ अवार्ड


उरई(जालौन)। जिला पंचायत जालौन को बेहतर विकास,मानक के अनुसार योजनाओं का क्रियान्वयन,तथा अन्य मानकों पर खरा उतरने पर े भारत सरकार द्वारा आईएसओ सर्टिफाइड जिला पंचायत में शामिल होकर एक नया कीर्तिमान रच दिया है। इस सफलता पर जिला पंचायत अध्यक्ष डा. घनश्याम अनुरागी ने बातचीत के दौरान कई मुद्दों पर खुलकर बातचीत करते हुये कहा कि इससे पूर्व उन्हें प्रदेश सरकार द्वारा बेहतर कार्यों को लेकर सम्मानित किया जा चुका है।
    जिला पंचायत अध्यक्ष डा. घनश्याम अनुरागी ने बताया कि जिला पंचायत जालौन को आईएसओ सर्टिफाइड की श्रेणी में शामिल होने के लिये भारत सरकार को मानकों को पूरा करना होता जिसमें बेहतर कार्यों की गुणवत्ता, सड़क निर्माण गुणवत्ता से कराने के साथ ही कार्यालय में फाइलों के रखरखाव सहित जनपयोगी कार्यो को प्राथमिकता से पूरा कराने जिला पंचायत कार्यालय को भव्य बनाने सहित जो भी मानक पूर्ण होने चाहिए ऐसे सभी बिंदुओं को प्राथमिकता में शामिल कर हर बिंदु को धरातल पर उतारकर पूरा किया गया जिसका लाभ ग्रामीणांचल के लोगों को मिलने लगा। इन्हीं बिंदुओं को लेकर भारत सरकार द्वारा जिला पंचायत जालौन को आईएसओ अवार्ड पिछले दिनों दिया गया था। जिला पंचायत अध्यक्ष का कहना था कि आईएसओ अवार्ड मिलने में सभी जिला पंचायत अधिकारियों व कर्मचारियों का सहयोग भी रहा। जिसे जो भी जिम्मेदारी सौंपी गयी उसको मिशन बनाकर कर्मचारियों से पूरा किया। बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि जिला पंचायत में लंबे समय से सेवानिवृत्त कर्मियों के देयकों का भुगतान लंबित चला आ रहा था जिससे सेवानिवृत्त कर्मी परेशान होकर कार्यालय के चक्कर लगाते रहते थे। इस मामले को प्राथमिकता से लेकर जिला पंचायत के सभी सेवानिवृत्त कर्मियों के देयकों का भुगतान शत प्रतिशत कर दिया गया। आज पुराने देयकों से जुड़ा एक भी मामला लंबित नहीं है।

जिला पंचायत जालौन से नक्शा पास करने की सुविधा
जिला पंचायत अध्यक्ष डा. घनश्याम अनुरागी ने बताया कि प्रदेश में बहुत की कम जिला पंचायत ऐसी हैं जो नक्शा पास करने की सुविधा अपने जनपद वासियों को देती है। लेकिन जालौन जिला पंचायत नक्शा पास करने के मानकों को पूरा करती हैं जिससे ग्रामीणांचल का कोई भी व्यक्ति कार्यालय में आवेदन देकर अपना नक्शा पास करवा सकता है।

जिला पंचायत जालौन की आय 7 करोड़ से बढ़ाकर 20 करोड़ पहुंची
जिला पंचायत अध्यक्ष डा. घनश्याम अनुरागी ने बताया कि जब वह जिला पंचायत अध्यक्ष निर्वाचित हुए थे उस दौरान जिला पंचायत की वार्षिक आय 7 करोड़ के लगभग थी जो बहुत ही कम थी। जिला पंचायत की आय बढ़ाने के लिये निरंतर प्रयास किये जिसका प्रतिफल रहा कि आज जिला पंचायत की वार्षिक आय 20 करोड़ तक पहुंच चुकी है। आने वाले समय में आय में और वृद्धि की संभावना का द्वार भी खोल दिया गया।

सारंगपुर पर्यावरण उपवन में रोपित पौधों को करेंगे संरक्षितः धर्मजीत
अपर मुख्य अधिकारी धर्मजीत त्रिपाठी ने मुलाकात के दौरान बताया कि जिला पंचायत जालौन द्वारा पिछले वर्ष कालपी के समीपस्थ जिला पंचायत की जमीन पर सारंगपुर मौजा में पर्यावरण उपवन को साकार रूप देने के लिये बड़े स्तर पर विभिन्न प्रकार के पौधों का रोपण किया गया था। अब रोपित पौधों को संरक्षित करने के लिये हर संभव प्रयास किये जायेंगे। उन्होंने पिछले दिनों पर्यावरण उपवन का स्थलीय निरीक्षण कर रोपित पौधों की बेहतर देखभाल के निर्देश दिये ताकि रोपित किए गये पौधे गर्मी की तीव्रता से नष्ट न हो सके।
फोटो परिचय- जिला पंचायत अध्यक्ष डा. घनश्याम अनुरागी व एएमए धर्मजीत

Post a Comment

Previous Post Next Post