जालौन में पुलिस भर्ती परीक्षा को नकलविहीन संपन्न कराने के लिए कड़ी व्यवस्था


उरई (जालौन)। उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती परीक्षा-2025 को नकलविहीन, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में सेक्टर मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट एवं परीक्षा केंद्र व्यवस्थापकों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने बताया कि यह परीक्षा जनपद में 8, 9 एवं 10 जून 2026 को प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली प्रातः 10 से दोपहर 12 बजे तथा द्वितीय पाली अपराह्न 3 से शाम 5 बजे तक होगी। जनपद में कुल 09 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां तीनों दिनों की छह पालियों में कुल 19,584 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। प्रत्येक पाली में 3,264 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, विद्युत आपूर्ति, पेयजल एवं बैठने की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। परीक्षा केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन, कैलकुलेटर, कैमरा, पेन ड्राइव आदि इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे। प्रवेश से पूर्व सभी अभ्यर्थियों की सघन जांच एवं सत्यापन कराया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा और परीक्षा को प्रभावित करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी राजीव राज , अपर पुलिस अधीक्षक, डॉक्टर ईशान सोनी  जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार पंडित सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post