उरई (जालौन)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री की प्रेरणा एवं मुख्यमंत्री के नेतृत्व में संचालित ‘एक पेड़-माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत जनपद जालौन में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। विकास खण्ड डकोर के ग्राम मोहम्मदाबाद में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं ग्रामवासियों ने उत्साहपूर्वक पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
मुख्य कार्यक्रम में सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी प्रदीप यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष उर्विजा दीक्षित सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, सामाजिक संगठन एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।
सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संतुलन का आधार नहीं हैं, बल्कि मानव जीवन के अस्तित्व से भी सीधे जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि "एक पेड़-माँ के नाम" अभियान मातृ सम्मान और प्रकृति संरक्षण का अद्भुत संगम है। उन्होंने जनपदवासियों से अधिकाधिक वृक्षारोपण कर इस जन अभियान को जनांदोलन बनाने का आह्वान किया।
कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस का कार्यक्रम नहीं, बल्कि हमारी जीवनशैली का हिस्सा होना चाहिए। उन्होंने युवाओं, विद्यार्थियों और स्वयंसेवी संगठनों से पौधरोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने का आग्रह किया।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद के सभी विकास खण्डों, नगर निकायों एवं ग्राम पंचायतों में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। अमृत सरोवरों, तालाबों, गौशालाओं, सड़कों, नदी एवं नहरों के किनारे तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर 10 लाख 37 हजार से अधिक पौधों का रोपण किया गया। उन्होंने बताया कि स्थानीय एवं पारंपरिक प्रजातियों के साथ-साथ फलदार वृक्षों के रोपण को विशेष प्राथमिकता दी गई, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था और जैव विविधता को भी मजबूती मिले। जिलाधिकारी ने कहा कि पौधरोपण के साथ-साथ उनके संरक्षण और संवर्धन के लिए संबंधित विभागों को नियमित देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
Post a Comment