जालौन में विधायकों व जिलाधिकारी ने गौशाला पहुंचकर की गोवंश की सेवा



उरई (जालौन)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर विकास खण्ड डकोर स्थित गौशाला में सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने पहुंचकर गोवंश की सेवा की। उन्होंने गौवंश को गुड़ एवं चना खिलाकर गौ संरक्षण का संदेश दिया तथा गौशाला परिसर में वृक्षारोपण भी किया।
सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौ माता का विशेष स्थान है। गौसेवा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि संवेदनशील समाज निर्माण का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि गोवंश के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सरकार अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं चला रही है।
कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी ने कहा कि गौशालाएं केवल आश्रय स्थल नहीं, बल्कि पशुधन संरक्षण के महत्वपूर्ण केंद्र हैं। उन्होंने गोवंश की समुचित देखभाल, स्वच्छता एवं चारा-पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर बल दिया।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने गौशाला की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि गौशालाओं में चारे, स्वच्छ पेयजल, छायादार व्यवस्था तथा पशु चिकित्सा सुविधाओं की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि गोवंश की सेवा एवं संरक्षण समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने कहा कि पशुओं के प्रति संवेदनशीलता और सेवा भाव भारतीय संस्कृति की पहचान है। उन्होंने भी गोवंश को गुड़-चना खिलाकर संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर उपस्थित सभी अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों ने गौसेवा को मानव सेवा के समान बताते हुए गोवंश के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर सहयोग का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान गौशाला परिसर में स्वच्छता एवं हरियाली पर विशेष बल दिया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post