अवैध मिट्टी खनन पर प्रशासन का शिकंजा, जेसीबी सीज, ट्रैक्टर चालक फरार


-एसडीएम के निर्देश पर राजस्व व पुलिस टीम की संयुक्त कार्रवाई
कालपी (जालौन)। अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रशासन ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए मिट्टी खनन में लगी एक जेसीबी मशीन को जब्त कर सीज कर दिया। हालांकि कार्रवाई की भनक लगते ही मौके पर मौजूद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर फरार होने में सफल रहे।
उपजिलाधिकारी अमित शेखर के निर्देश पर नायब तहसीलदार चंद्र मोहन शुक्ला के नेतृत्व में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने कदौरा विकासखंड के ग्राम तिरही में छापेमारी की। टीम को सूचना मिली थी कि क्षेत्र में बिना अनुमति मिट्टी का अवैध खनन किया जा रहा है।।संयुक्त टीम जब मौके पर पहुंची तो वहां जेसीबी मशीन और ट्रैक्टरों की मदद से मिट्टी निकाली जा रही थी। प्रशासनिक टीम को देखकर खनन में जुटे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर मौके से भाग निकले, जबकि टीम ने एक जेसीबी मशीन को कब्जे में लेकर कार्रवाई की। जब्त की गई जेसीबी मशीन को सीज कर गल्ला मंडी परिसर कालपी में खड़ा कराया गया है तथा पुलिस अभिरक्षा में सौंप दिया गया है। कार्रवाई के दौरान क्षेत्रीय लेखपाल जितेंद्र सिंह, ज्ञान भारती पुलिस चौकी के हेड कांस्टेबल विपिन कुमार, शैलेंद्र सिंह एवं फतेह सिंह सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

नायब तहसीलदार चंद्र मोहन शुक्ला ने बताया कि अवैध खनन में शामिल फरार ट्रैक्टरों और उनके संचालकों की पहचान कराई जा रही है। उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post