कालपी (जालौन)। भारतीय किसान यूनियन की मासिक पंचायत सोमवार को किसानों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर आयोजित की गई। पंचायत में क्षेत्र के किसानों ने कृषि, सिंचाई, बिजली, खाद एवं खरीद व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करते हुए प्रशासन से शीघ्र समाधान की मांग की। बैठक के बाद किसानों ने तहसील पहुंचकर तहसीलदार को 8 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा।
पंचायत की अध्यक्षता प्रगतिशील किसान गोविंद सिंह सारा ने की। इस दौरान किसानों ने कहा कि हाल ही में आई तेज आंधी और बारिश के कारण कई स्थानों पर बिजली के पोल और तार क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति प्रभावित हो रही है। किसानों ने खराब व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त कराने की मांग उठाई। इसके बाद भारतीय किसान यूनियन के तहसील अध्यक्ष अजय पाल सिंह राजू मलथुआ।के नेतृत्व में किसानों का प्रतिनिधिमंडल तहसील पहुंचा और तहसीलदार अभिनव कुमार तिवारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में सरकारी क्रय केंद्रों पर गेहूं खरीद और डिलीवरी व्यवस्था को सुचारु बनाने, मूंग, चना एवं मसूर की खरीद शुरू कराने, रियल टाइम खतौनी में आ रही त्रुटियों को दूर करने तथा बंद पड़े राजकीय नलकूपों को चालू कराने की मांग की गई। किसानों ने ग्रामीण पेयजल योजनाओं के तहत सड़कों की खुदाई के बाद क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत कराने, सहकारी समितियों पर डीएपी खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने और किसानों को मिनी किट बीज उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई। इसके अलावा छुट्टा गोवंशों से फसलों को हो रहे नुकसान पर चिंता व्यक्त करते हुए प्रभावी नियंत्रण व्यवस्था लागू करने की मांग की गई।तहसीलदार ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का आश्वासन दिया।
पंचायत में मंडल अध्यक्ष चंद्रपाल सिंह, वीरपाल सिंह, वीरेंद्र मिश्र, सत्येंद्र सिंह भदौरिया, सुरेश चौहान, जयराम कुशवाहा, चंद्रशेखर, दयाशंकर कुशवाहा, महेश लमसर, फैजल खान, राजा सिंह, नरेश साहू, जितेंद्र सिंह, रामबाबू, अजय चौहान सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
फोटो- तहसीलदार को मांगपत्र सौंपते भाकियू के पदाधिकारी एवं किसान
Post a Comment