उरई(जालौन) । संसद सदस्य सड़क सुरक्षा समिति की बैठक मंगलवार को विकास भवन के रानी लक्ष्मीबाई सभागार में सांसद नारायणदास अहिरवार की अध्यक्षता में हुई। बैठक में जनपद में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, दुर्घटना संभावित स्थलों, यातायात नियमों के अनुपालन तथा सुरक्षा उपायों की समीक्षा की गई।
सांसद ने कहा कि सड़क दुर्घटनाएं सिर्फ आंकड़े नहीं, बल्कि परिवारों की अपूरणीय क्षति हैं। उन्होंने बिना हेलमेट, रॉन्ग साइड व बिना नंबर प्लेट के वाहनों पर विशेष अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा, “सड़क सुरक्षा को जनआंदोलन बनाना होगा।” विद्यालयों, महाविद्यालयों और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाने पर बल दिया।
जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी ने इसे सामाजिक जिम्मेदारी बताते हुए ग्राम पंचायत स्तर तक जागरूकता कार्यक्रम चलाने का सुझाव दिया। उन्होंने जनप्रतिनिधियों व स्वयंसेवी संगठनों से सक्रिय सहभागिता की अपील की।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने पूर्व निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा करते हुए ब्लैक स्पॉट्स पर सुधारात्मक कार्य प्राथमिकता से कराने, घायलों को ‘गोल्डन ऑवर’ में चिकित्सा सुविधा देने हेतु पुलिस-स्वास्थ्य विभाग के बीच समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सड़क संकेतक, स्पीड ब्रेकर, चेतावनी बोर्ड व प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने को भी कहा गया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. बीरेंद्र सिंह, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी राजेश कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
फोटो परिचय- सड़क सुरक्षा समिति की बैठक लेते सांसद
Post a Comment