-जालौन में समर कैंप के समापन पर IAS ने बच्चों को सिखाया सफलता का मंत्र
जालौन। सेठ वीरेंद्र कुमार पब्लिक स्कूल में आयोजित समर कैंप का समापन शनिवार को हर्षोल्लास के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में आईएएस एवं जिलाधिकारी (जालौन) रिंकू सिंह राही ने बच्चों को प्रमाण पत्र वितरित किए और उनका उत्साहवर्धन किया। विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष डॉ. नितिन मित्तल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बच्चों को संबोधित करते हुए रिंकू सिंह राही ने कहा, "बच्चे बड़े-बड़े सपने जरूर देखें, लेकिन उन सपनों को पूरा करने के लिए खुश रहना सबसे ज्यादा जरूरी है। मेहनत और सकारात्मक सोच ही सफलता की कुंजी है।" उनके इस संदेश के बाद बच्चों के चेहरे खिल उठे। प्रमाणपत्र मिलते ही पूरा माहौल उत्सवमय हो गया।
डॉ. नितिन मित्तल ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट कर आभार जताया। उन्होंने बताया कि समर कैंप का मुख्य उद्देश्य बच्चों की रुचियों को प्रोत्साहित कर उनमें रचनात्मकता का विकास करना था। कैंप के दौरान बच्चों ने तैराकी, स्केटिंग, नृत्य, क्राफ्ट और कई अन्य फन एक्टिविटीज का भरपूर आनंद लिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने स्वल्पाहार ग्रहण किया। इस अवसर पर कैंप के संयुक्त प्रभारी शुभम कश्यप एवं सान्या खन्ना ने सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं के सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
---
फोटो परिचय: समर कैंप के समापन कार्यक्रम में रिंकू सिंह राही बच्चों के साथ।
Post a Comment