चार श्रम कोड वापस लो, 44 श्रम कानून लागू करो” – एक्टू का कानपुर में धरना-प्रदर्शन



-- फासीवादी हुकूमत के खिलाफ मजदूरों ने कसा तंज
कानपुर।ऑल इंडिया सेंट्रल काउंसिल ऑफ ट्रेड यूनियंस (एक्टू) के बैनर तले श्रम आयुक्त कार्यालय, कानपुर के सामने जोरदार प्रदर्शन किया गया। इसका नेतृत्व एक्टू प्रदेश अध्यक्ष कामरेड विजय विद्रोही, प्रदेश नेता कामरेड डॉ. राजेश सिंह और एक्टू राष्ट्रीय पार्षद कामरेड राम सिंह चौधरी ने किया।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कामरेड राम सिंह चौधरी ने कहा कि चारों श्रम कोड को तुरंत वापस कर समाप्त किया जाए। यदि ऐसा नहीं हुआ और 44 श्रम कानून लागू नहीं किए गए, तो आंदोलन और तीखा होगा। उन्होंने नोएडा समेत सभी बंद मजदूरों की रिहाई और फर्जी मुकदमों की वापसी की मांग की। हमीरपुर पुल हादसे का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि ठेकेदार-प्रशासन की मिलीभगत से 6 मजदूर मलबे में दबकर मारे गए, इस पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर परिवारों को 50-50 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि आशा बहनों से किया वादा पूरा न होने पर आने वाले दिनों में आंदोलन और तीखा किया जाएगा, जिसे सभी मजदूर संगठन मिलकर लड़ेंगे। कामरेड चौधरी ने कहा कि योगी-मोदी सरकार न केवल मजदूर विरोधी, बल्कि पूरी तरह जन विरोधी साबित हो चुकी है। निजीकरण, बुलडोजर राज, फर्जी एनकाउंटर और पुलिस दमन के जरिए मजदूरों पर अत्याचार हो रहे हैं।
सभा की अध्यक्षता करते हुए एक्टू प्रदेश अध्यक्ष कामरेड विजय विद्रोही ने कहा कि मोदी-योगी सरकार कॉर्पोरेट परस्त फासीवादी हुकूमत बनकर मजदूरों का खून चूस रही है। उन्होंने कहा कि मजदूरों को बेवजह फर्जी मुकदमों में फंसाकर जेल में बंद किया गया, जिनकी तुरंत रिहाई हो। हड़ताल, यूनियन बनाने और मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के अधिकार तक खत्म कर दिए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार अमेरिका व ट्रंप की गुलामी करते हुए देश को कॉरपोरेटों के हाथों नीलाम कर रही है—रेल, बैंक, बीमा, बिजली, अस्पताल, स्कूल सब निजी हाथों में दे दिए गए। साथ ही, एनआरसी के जरिए मजदूरों के वोट काटकर उनकी नागरिकता पर हमला किया जा रहा है।
भाकपा माले के झांसी प्रभारी कामरेड कृष्णपाल सिंह गुर्जर ने कहा कि मजदूरों का निवाला छीनने वाली सरकार पूंजीपतियों के हित में काम कर रही है। किसानों के साथ भी विश्वासघात किया गया है। अगले दौर में मजदूर और किसान मिलकर बड़ा आंदोलन करेंगे। भाकपा माले के वरिष्ठ नेता कामरेड विजय कानपुर ने कहा कि घबराने की जरूरत नहीं, मजदूरों ने दिखा दिया है कि वह फासीवादी हुकूमत से लड़ सकता है।
सभा का संचालन एक्टू के राष्ट्रीय पार्षद कामरेड शकील जैदी ने किया। ज्ञापन कामरेड राणा प्रताप सिंह, डॉ. राजेश सिंह और अजीत सिंह ने संयुक्त रूप से दिया। इस अवसर पर कामरेड सुलेखा, जीसीता, ललित साहू समेत सैकड़ों आशा बहनें और फैक्ट्री मजदूर उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post