थाना प्रभारी निरीक्षक शिव प्रकाश सिंह ने संभाली रामपुरा थाने की कमान


रामपुरा (जालौन)। जनपद जालौन के रामपुरा थाने में नवागत थाना प्रभारी निरीक्षक शिव प्रकाश सिंह ने विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया है। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने थाना परिसर का निरीक्षण किया तथा पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक कर कानून व्यवस्था संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत आयोजित प्रेस वार्ता में थाना प्रभारी निरीक्षक शिव प्रकाश सिंह ने कहा कि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना उनकी सर्वाेच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराध एवं अपराधियों के प्रति पुलिस की नीति पूरी तरह सख्त रहेगी, जबकि आम जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। साथ ही साइबर अपराध, अवैध गतिविधियों, मादक पदार्थों की तस्करी, जुआ, सट्टा एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए जनसंपर्क को बढ़ावा दिया जाएगा। ग्राम चौकीदारों, बीट पुलिस अधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों के सहयोग से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। शिव प्रकाश सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन को लेकर भी विशेष अभियान चलाया जाएगा। नवागत थाना प्रभारी के पदभार ग्रहण करने पर पुलिस कर्मियों एवं क्षेत्रीय लोगों ने उनका स्वागत करते हुए बेहतर कानून व्यवस्था की उम्मीद जताई।
फोटो परिचय- नये प्रभारी निरीक्षक शिव प्रकाश सिंह

Post a Comment

Previous Post Next Post