मेधा का सम्मान, मुख्यमंत्री ने मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित


-सम्मानित होने वाले मेधावी छात्र-छात्रायें, पूरे जनपद का गौरव- डॉ. अनुरागी
उरई(जालौन)। लखनऊ से आयोजित एक भव्य समारोह में मुख्यमंत्री जी ने माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रदेश के 1,682 मेधावी छात्र-छात्राओं, उनके अभिभावकों व प्रधानाचार्यों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने शिक्षा को राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए सभी को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

 इस अवसर का सजीव प्रसारण जनपद जालौन के विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी, सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा, कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार पंडित सहित बड़ी संख्या में छात्र, अभिभावक व शिक्षक उपस्थित रहे।

जनपद जालौन के हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के टॉप-10 छात्र-छात्राओं को प्रत्येक को 21-21 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया गया। हाईस्कूल में श्री बजरंग इंटर कॉलेज उरई के आदर्श दुबे ने 600 में 569 अंक प्राप्त कर जनपद में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि इंटरमीडिएट में ए.एम.वी. इंटर कॉलेज जालौन की तनु खरे ने 500 में 459 अंक लाकर शीर्ष स्थान हासिल किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. अनुरागी ने कहा कि सम्मानित होने वाले छात्र पूरे जनपद का गौरव हैं। सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा ने प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे ऐतिहासिक कार्यों की सराहना की। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने सभी मेधावियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान उनके परिश्रम, अभिभावकों के त्याग व शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है, तथा उन्हें भविष्य में भी जनपद का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
फोटो परिचय- मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित करते जन प्रतिनिधि व अधिकारी

Post a Comment

Previous Post Next Post