कालपी (जालौन)। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने फुलपावर चौराहे पर एकत्र होकर प्रदेश में बढ़ते बिजली संकट, अघोषित बिजली कटौती, महंगी बिजली दरों तथा स्मार्ट मीटर से जुड़ी समस्याओं को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद राज्यपाल को संबोधित 8 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा।
शुक्रवार को जिलाध्यक्ष विनय चौरसिया के नेतृत्व में राज्यपाल को सम्बोधित 8 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन तहसीलदार अभिनव कुमार तिवारी को सौंपते हुए बताया कि भीषण गर्मी के बावजूद प्रदेश के कई जिलों में 22 से 48 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे आम जनता, किसान, व्यापारी, छात्र और कर्मचारी गंभीर परेशानियों का सामना कर रहे हैं। पार्टी ने आरोप लगाया कि जनता महंगी बिजली दरों का बोझ उठाने के बावजूद निर्बाध बिजली से वंचित है। ज्ञापन में बाराबंकी में बिजली संकट के चलते एक परिवार के चार लोगों की मौत की घटना का उल्लेख करते हुए इसकी उच्चस्तरीय जांच कराकर पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की गई। साथ ही स्मार्ट मीटर व्यवस्था में कथित अनियमितताओं, बढ़े हुए बिजली बिलों, गलत रीडिंग और फर्जी बिलिंग की शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई गई।जिलाध्यक्ष विनय चौरसिया ने कहा कि प्रदेश की जनता बिजली संकट से त्रस्त है और सरकार को जनहित में तत्काल प्रभावी कदम उठाने चाहिए। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे। इस मौके पर पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
फोटो परिचय- तहसीलदार को मांगपत्र सौंपते आप कार्यकर्ता
Post a Comment