कालपी (जालौन)। कालपी कोतवाली क्षेत्र के निवाड़ी गांव में गर्मियों की छुट्टियां बिताने आई एक किशोरी की जहरीला पदार्थ खाने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
उरई शहर के मोहल्ला रामनगर निवासी कक्षा 8 की 16 वर्षीय छात्रा प्रिंसी इन दिनों गर्मियों की छुट्टियों में अपने मामा प्रधान प्रतिनिधि बबलू के घर निवाड़ी गांव आई हुई थी। बताया जा रहा है कि मंगलवार को उसने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया, जिससे उसकी हालत अचानक बिगड़ गई। परिजनों ने आनन-फानन में उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।चिकित्सकों ने छात्रा की हालत गंभीर देखते हुए उपचार शुरू किया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। किशोरी की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और गांव में शोक का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर कालपी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मामला जहरीला पदार्थ खाने का माना जा रहा है, हालांकि छात्रा द्वारा यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया गया, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आ सका है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय ब्रह्म तिवारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच की जा रही है।
फोटो परिचय-किशोरी की फाइल फोटो
Post a Comment