बकरीद को लेकर प्रशासन अलर्ट, अफसरों ने पुलिस बल के साथ किया रूट मार्च


0संवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त कर परखी सुरक्षा व्यवस्था, धर्मस्थलों का भी लिया जायजा
कालपी (जालौन)। आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रहे हैं। इसी क्रम में बुधवार शाम उपजिलाधिकारी अमित शेखर तथा क्षेत्राधिकारी अवधेश कुमार सिंह के नेतृत्व में नगर के प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल के साथ रूट मार्च निकाला गया। 

अधिकारियों ने लोगों से संवाद कर सुरक्षा का भरोसा दिलाया और शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। रूट मार्च के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी फुल पावर चौराहा, बाईपास, जुलैहटी मार्केट, हाईवे सर्विस लेन, मुख्य बाजार टरननगंज समेत विभिन्न भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों से होकर गुजरे। इस दौरान पुलिस जवानों ने पैदल गश्त करते हुए संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की तथा बाजारों और सार्वजनिक स्थलों की गतिविधियों पर नजर रखी।अधिकारियों ने जगह-जगह व्यापारियों, स्थानीय नागरिकों और संभ्रांत लोगों से बातचीत कर त्योहार के दौरान शांति एवं भाईचारा बनाए रखने की अपील की। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को भरोसा दिलाया कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और किसी भी प्रकार की अफवाह या अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पैदल मार्च में नायब तहसीलदार चंद्रमोहन शुक्ला, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय ब्रह्म तिवारी, एडीशनल इंस्पेक्टर अवनीश कुमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक उदय प्रताप सिंह, टरननगंज चौकी प्रभारी सुरेश चंद्र, रामगंज चौकी प्रभारी विशाल भड़ाना, महमूदपुरा चौकी प्रभारी जितेंद्र सिंह चंदेल समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। वहीं गुरुवार को उपजिलाधिकारी अमित शेखर की अगुवाई में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने कालपी और कदौरा क्षेत्र के शाही ईदगाह, खानकाह शरीफ मस्जिद समेत विभिन्न धार्मिक स्थलों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सफाई व्यवस्था, पेयजल, बिजली और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लेते हुए संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा और लगातार निगरानी की जाएगी।
फोटो परिचय- नगर में पैदल मार्च करते एसडीएम, सीओ व पुलिस जवान

Post a Comment

Previous Post Next Post