उरई(जालौन)। जनपद जालौन के पुलिस लाइन सभागार में विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मानवता और सेवा का संदेश देने वाले इस कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी, सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा एवं जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने रेडक्रॉस आंदोलन के संस्थापक हेनरी ड्यूनाँट के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।
इस अवसर पर आयोजित रक्तदान शिविर में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। डॉ. ममता स्वर्णकार ने 59वीं बार रक्तदान कर प्रेरणादायक उदाहरण पेश किया। इसके अलावा लक्ष्मण दास बाबानी, राकेश कुशवाहा, गरिमा पाठक, बलबीर सोनी और अब्दुल करीम ने भी रक्तदान किया। कार्यक्रम में रेडक्रॉस सोसाइटी ने उत्कृष्ट सेवाभावी सदस्यों को सम्मानित किया तथा 10 क्षय रोगियों को निक्षय पोषण पोटलियाँ वितरित कीं। संस्था में प्रदीप महतवानी, प्रद्युम्न सिंह कंथरिया, मनीष शंकर अग्रवाल सहित नए सदस्यों को भी शामिल किया गया।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने रेडक्रॉस को मानवता और करुणा का प्रतीक बताया, जबकि सदर विधायक ने इसे संकट की घड़ी में सहयोग का संदेश देने वाला आंदोलन बताया। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने घोषणा की कि रेडक्रॉस सोसाइटी के सेवा कार्यों को सशक्त बनाने के लिए एक माह के भीतर सोसाइटी के अपने भवन का निर्माण प्रारंभ करा दिया जाएगा। लगभग पांच हजार वर्गफीट में बनने वाला यह भवन मानवीय गतिविधियों का प्रमुख केंद्र होगा। इस मौके पर डॉ. नरेश वर्मा, सीएमएस आनंद उपाध्याय, शहर काजी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
फोटो परिचय- क्षय रोगियों को निक्षय पोषण पोटलियाँ वितरित
Post a Comment