कालपी(जालौन)। बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव 2026 को लेकर शुक्रवार को न्यायालय परिसर में पूरे दिन चुनावी माहौल गर्म रहा। अध्यक्ष पद के लिए हुए मतदान में अधिवक्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न हुए चुनाव में गयादीन अहिरवार ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी अवधेश सिंह सोलंकी को 18 मतों से पराजित कर अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की।
निर्वाचन अधिकारी जयवीर सिंह की देखरेख में हुए मतदान में कुल 122 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतगणना के दौरान गयादीन अहिरवार को 69 मत प्राप्त हुए, जबकि अवधेश सिंह सोलंकी को 51 वोट मिले। दो मत अमान्य घोषित किए गए। परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई तथा विजयी प्रत्याशी का फूल-मालाओं से स्वागत कर मिठाई बांटी गई। मालूम हो कि गयादीन अहिरवार पूर्व में भी दो बार अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी निभा चुके हैं और अब तीसरी बार बार संघ की कमान संभालेंगे। चुनाव परिणाम के बाद उन्होंने अधिवक्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह सभी अधिवक्ताओं के सम्मान, समस्याओं के समाधान तथा बार और बेंच के बेहतर समन्वय के लिए कार्य करेंगे।
वहीं अन्य सभी पदों पर केवल एक-एक नामांकन पत्र दाखिल होने के कारण प्रत्याशियों का निर्विरोध निर्वाचन घोषित किया गया। महामंत्री पद पर मोहम्मद आमीन, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर देवेंद्र कुमार श्रीवास्तव, कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर आशुतोष श्रीवास्तव, संयुक्त मंत्री पद पर दिव्य स्वरूप श्रीवास्तव ‘गोलू’ तथा कोषाध्यक्ष पद पर अमर सिंह अहिरवार निर्विरोध निर्वाचित हुए।
इसके अतिरिक्त वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य पद पर रविंद्र कुमार श्रीवास्तव ‘डब्बू’ एवं उदय सिंह यादव तथा कनिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य पद पर हेमंत साहू, तरुण गुप्ता एवं रोहित कुमार का भी निर्विरोध निर्वाचन हुआ। चुनाव संपन्न होने के बाद न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं के बीच उत्साह का माहौल देखने को मिला तथा नव निर्वाचित पदाधिकारियों को लगातार बधाइयां दी जाती रहीं।
फोटो परिचय- गयादीन अहिरवार को बधाई देते साथी अधिवक्ता
Post a Comment