आईजीआरएस पोर्टल में प्रदेश में जालौन प्रथम: एएसपी डॉ. ईशान सोनी के पर्यवेक्षण में मिला यह मुकाम


---निष्पक्ष जांच व समयबद्ध निस्तारण ने बनाया रिकॉर्ड, पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में टीम को मिली सफलता
 हिमांशु खरकया
जालौन: माह अप्रैल-2026 में उत्तर प्रदेश की समन्वित शिकायत निवारण प्रणाली (आईजीआरएस) पोर्टल की रैंकिंग में जनपद जालौन ने प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। यह सफलता पुलिस महानिदेशक/अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन आलोक सिंह एवं पुलिस महानिरीक्षक झांसी परिक्षेत्र आकाश कुलहरी के मार्गदर्शन में, पुलिस अधीक्षक जालौन विनय कुमार सिंह के कुशल नेतृत्व तथा अपर पुलिस अधीक्षक (नोडल अधिकारी) डॉ. ईशान सोनी के सक्रिय पर्यवेक्षण का परिणाम है।
जालौन पुलिस द्वारा आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त जनशिकायतों के निस्तारण के लिए समय-समय पर क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं थानाध्यक्षों को निर्देश जारी किए गए थे। नोडल अधिकारी डॉ. ईशान सोनी के नेतृत्व में यह सुनिश्चित किया गया कि प्रत्येक शिकायतकर्ता से अच्छा तालमेल स्थापित कर, गुण-दोष के आधार पर प्राथमिकता से निस्तारण हो।
गौरतलब है कि आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त संदर्भों का एक निश्चित समयावधि में निस्तारण अनिवार्य होता है। इसके तहत जांचकर्ता अधिकारियों द्वारा मौके पर जाकर निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण जांच की गई, जिसके बाद नियमानुसार विधिक कार्यवाही अमल में लाई गई। उच्चाधिकारियों द्वारा निरंतर पर्यवेक्षण से निस्तारण की गुणवत्ता को और बेहतर बनाया गया।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर अपर पुलिस अधीक्षक (नोडल अधिकारी) डॉ. ईशान सोनी ने कहा कि यह सफलता सभी जांचकर्ता अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं कर्मचारियों की कठिन परिश्रम एवं अथक प्रयासों से संभव हुई है। उन्होंने कहा, “जालौन पुलिस भविष्य में भी इसी प्रकार पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ कार्यवाही जारी रखेगी, ताकि जनता की शिकायतों का समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।”
बता दें कि पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह एवं एडीसीपी डॉ. ईशान सोनी के निर्देशन में थाना वार शिकायतों के स्तर पर भी बेहतर समन्वय स्थापित किया गया, जिसका सकारात्मक परिणाम आईजीआरएस पोर्टल की इस रैंकिंग में देखने को मिला।

Post a Comment

Previous Post Next Post