रामपुरा(जालौन) । विकास खण्ड रामपुरा के ग्राम बेरा में वर्षों से यमुना नदी की बाढ़ और कटान की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। शुक्रवार को माधौगढ़ विधानसभा के विधायक मूलचन्द्र सिंह निरंजन ने ग्राम बेरा पहुंचकर यमुना नदी किनारे बनने वाली रिटेनिंग वॉल का विधिवत भूमिपूजन किया।
ग्राम बेरा हर वर्ष यमुना नदी में आने वाली बाढ़ से सबसे अधिक प्रभावित होता रहा है। तेज बहाव के कारण गांव की उपजाऊ जमीन लगातार नदी में समाती जा रही थी, जिससे गांव और नदी के बीच की दूरी भी बेहद कम हो गई थी। ग्रामीणों द्वारा लंबे समय से गांव को कटान और बाढ़ से सुरक्षित करने की मांग की जा रही थी।
क्षेत्रवासियों की मांग को गंभीरता से लेते हुए विधायक मूलचन्द्र निरंजन ने शासन स्तर पर प्रयास कर यमुना किनारे लगभग 250 मीटर लंबी रिटेनिंग वॉल निर्माण की स्वीकृति दिलाई। इस महत्वाकांक्षी परियोजना की लागत लगभग 6 करोड़ 87 लाख रुपये बताई जा रही है।
इससे पूर्व भी ब्लॉक प्रमुख अजीत सिंह सेंगर के प्रयासों से लगभग 18 माह पहले 150 मीटर रिटेनिंग वॉल का निर्माण कराया गया था, जिसकी लागत करीब 5 करोड़ रुपये रही थी। अब नए निर्माण कार्य से गांव को बाढ़ और कटान से और अधिक सुरक्षा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान विधायक मूलचन्द्र निरंजन ने कहा कि ग्रामीणों की सुरक्षा और क्षेत्र का विकास उनकी प्राथमिकता है। रिटेनिंग वॉल बनने से ग्राम बेरा की जमीन सुरक्षित होगी और लोगों को हर वर्ष बाढ़ के खतरे से राहत मिलेगी।
फोटो परिचय- भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान विधायक मूलचन्द्र निरंजन
Post a Comment