कालपी(जालौन)। नगर के मोहल्ला दमदमा स्थित जुलहैटी मार्केट में सफाई कार्य के दौरान सफाई कर्मचारियों के साथ अभद्रता और मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नगर पालिका परिषद कालपी में सफाई नायक के पद पर कार्यरत अजय कुमार पुत्र अशोक कुमार निवासी तरीबुल्दा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे वह सफाई कर्मचारियों के साथ जुलहैटी क्षेत्र में नाले की सफाई का कार्य करा रहे थे। इसी दौरान अरसद पुत्र असफाक मौके पर पहुंचा और कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार करने लगा। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि विरोध करने पर आरोपी ने कर्मचारियों के साथ हाथापाई की तथा जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए धमकी दी। पीड़ितों का कहना है कि आरोपी ने दोबारा इलाके में सफाई करने आने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी।कोतवाली पुलिस ने प्राप्त तहरीर के आधार पर आरोपी अरशद के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फोटो परिचय- घटना से आक्रोशित सफाई कर्मी
Post a Comment