रामपुरा क्षेत्र में लाखों की चोरी से मचा हड़कंप, नकदी समेत सोने-चांदी के जेवरात ले उड़े चोर


रामपुरा(जालौन) ।  रामपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम मई में  देर रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नगदी चोरी कर ली। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम मई निवासी कन्हाई सिंह पुत्र मुलूसिंह ने थाना रामपुरा में तहरीर देते हुए बताया कि दिनांक 16 मई 2026 की रात लगभग 11 बजे से 17 मई की सुबह 3 बजे के बीच अज्ञात चोर उनके घर में घुस आए। 

चोरों ने कमरे का ताला तोड़कर उसमें रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोरी गए सामान में 3 सोने की चेन, 6 सोने की अंगूठियां, 2 सोने के मंगलसूत्र, 1 जोड़ी सोने की झले, 1 जोड़ी सोने की झुमकी, 1 जोड़ी सुई-धागा, 5 जोड़ी चांदी की पायल तथा नगद 1 लाख रुपये शामिल हैं। पीड़ित के अनुसार वह सुबह लगभग 3ः30 बजे पेशाब करने के लिए उठा तो देखा कि कमरे का ताला टूटा पड़ा है और अंदर सामान बिखरा हुआ है। इसके बाद परिवार के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। तलाश करने पर घर के पीछे खेतों में बक्सा और सूटकेस पड़े मिले, जिन्हें चोर सामान निकालने के बाद फेंक गए थे। घटना की जानकारी तत्काल डायल 112 पुलिस को दी गई।  112 पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची , साथ ही सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक रजत कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी निरीक्षक रजत कुमार सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जल्द ही चोरी का खुलासा कर चोरों के खिलाफ कड़ी  कानूनी कार्यवाही  की जाएगी।
फोटो परिचय- घर के पीछे खेतों में पड़ा बक्सा और सूटकेस

Post a Comment

Previous Post Next Post