जेल रोड स्थित सुमाईला होटल का अवैध तल सील उरई विकास प्राधिकरण की बड़ी कार्रवाई


उरई(जालौन)। उरई विकास प्राधिकरण ने शहर के जेल रोड स्थित सुमाईला होटल पर बड़ी कार्रवाई करते हुए भवन के अवैध रूप से निर्मित तल को सील कर दिया। प्राधिकरण की जांच में सामने आया कि होटल भवन का बेसमेंट,भूतल तथा दो अन्य तल का शमन मानचित्र पूर्व में स्वीकृत किया गया था लेकिन निर्माणकर्ता द्वारा नियमों के विपरीत दो अतिरिक्त तल का निर्माण करा लिया गया था।

 जानकारी के अनुसार प्राधिकरण ने पहले भी अवैध निर्माण को सील किया था। बाद में भवन स्वामी ने स्वयं अवैध निर्माण हटाने के लिए प्रार्थना पत्र देकर सील खोलने का अनुरोध किया। इस पर प्राधिकरण ने मानवीय आधार पर सील खोल दी थी ताकि निर्माणकर्ता खुद अवैध हिस्से को ध्वस्त कर सके। निर्माणकर्ता ने 16 नवंबर 2023 को दिए गए प्रार्थना पत्र में 18 नवंबर से 30 नवंबर 2023 के बीच अनधिकृत निर्माण हटाने का आश्वासन दिया था। हालांकि निर्धारित समय में केवल एक अवैध तल का ही ध्वस्तीकरण किया गया जबकि दूसरे अवैध ऊपरी तल को यथावत छोड़ दिया गया। इसके बाद भी निर्माणकर्ता द्वारा कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं की गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए उरई विकास प्राधिकरण ने 13 मई 2026 को पुनः नोटिस जारी कर अशमनीय भाग को स्वयं हटाने के निर्देश दिए लेकिन निर्देशों की अनदेखी की गई। लगातार नियमों की अवहेलना और अवैध निर्माण बने रहने के चलते प्राधिकरण की टीम मौके पर पहुंची और उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम 1973 की सुसंगत धारा 28क(1) के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए अवैध तल को सील कर दिया। प्राधिकरण की इस कार्रवाई से अवैध निर्माण कराने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।

Post a Comment

Previous Post Next Post