मां ने चार वर्षीय बेटी की गला दबाकर हत्या की, पति-पत्नी के विवाद में गई मासूम की जान


कालपी (जालौन)। आटा थाना क्षेत्र अकबरपुर इटौरा गांव में गुरुवार देर रात एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां घरेलू कलह के बीच एक मां ने अपनी ही चार वर्षीय बेटी की कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दी। घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई और शुक्रवार सुबह सूचना मिलते ही पुलिस एवं फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आरोपी मां को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मासूम बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार आटा थाना क्षेत्र के अकबरपुर इटौरा निवासी राजकुमार अपने परिवार के साथ घर में रहकर मेहनत मजदूरी करते हैं। गुरुवार रात परिवार के सभी सदस्य भोजन करने के बाद सोने चले गए थे। बताया गया कि राजकुमार अपने दोनों पुत्र उमंग और मयंक के साथ अलग-अलग चारपाइयों पर सो रहे थे, जबकि उनकी पत्नी विनीता अपनी चार वर्षीय बेटी नैना के साथ दूसरी चारपाई पर लेटी हुई थी।
परिजनों के अनुसार रात करीब 12 बजे किसी समय विनीता ने बेटी नैना का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के कुछ समय बाद बिजली आपूर्ति बाधित हो गई और पंखे बंद होने पर राजकुमार की नींद खुली। जब उन्होंने बेटी को चारपाई से नीचे जमीन पर अचेत अवस्था में पड़ा देखा तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने शोर मचाया तो परिवार के अन्य सदस्य और आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। बच्ची की हालत देखकर सभी स्तब्ध रह गए।
रात अधिक होने के कारण तत्काल पुलिस को सूचना नहीं दी जा सकी। शुक्रवार सुबह जैसे ही घटना की जानकारी गांव और आसपास के क्षेत्र में फैली, बड़ी संख्या में लोग घर के बाहर एकत्र हो गए। सूचना मिलने पर इटौरा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी कालपी अवदेश कुमार सिंह, आटा थानाध्यक्ष अजय सिंह तथा फोरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए और परिजनों से पूछताछ की। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक नमूने संकलित किए हैं।
ग्रामीणों और परिजनों के अनुसार पति-पत्नी के बीच पिछले कुछ दिनों से घरेलू विवाद चल रहा था, जिसके चलते परिवार में तनाव का माहौल बना हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि इसी मानसिक तनाव के चलते महिला ने यह कदम उठाया। हालांकि पुलिस अभी हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और घटना के पीछे के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। मासूम नैना की मौत से हर कोई दुखी और स्तब्ध नजर आया। पड़ोसियों का कहना है कि बच्ची बेहद चंचल और सभी की चहेती थी। किसी को विश्वास नहीं हो रहा कि घरेलू विवाद की आग में एक मासूम की जिंदगी समाप्त हो गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाई जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post