जिला कारागार उरई का साप्ताहिक भ्रमण, बंदियों की समस्याओं को लेकर सचिव ने दिए निर्देश


उरई(जालौन),। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती शाम्भवी ने आज जिला कारागार उरई का साप्ताहिक भ्रमण किया। उन्होंने विभिन्न बैरकों का निरीक्षण करते हुए बंदियों से संवाद किया और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।

  निरीक्षण के दौरान जेल के मुख्य द्वार पर मरम्मत का कार्य चल रहा था। सचिव श्रीमती शाम्भवी ने जेल प्रशासन को निर्देशित किया कि जिन बंदियों की जमानत सक्षम न्यायालय से हो चुकी है, किंतु जमानती राशि न जमा कर पाने के कारण वे रिहा नहीं हो पा रहे हैं, उनकी सूची अविलंब जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय भेजी जाए। इससे प्रभावी पैरवी कर उन्हें शीघ्र रिहा करवाया जा सकेगा। साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर बंदियों की जमानत राज्य की ओर से जिला अधिकार प्राप्त समिति के माध्यम से करवाने पर भी जोर दिया गया।

सचिव ने महिला बंदियों एवं उनके साथ रह रहे बच्चों के चिकित्सा, खान-पान तथा मुकदमों की पैरवी के संबंध में भी जानकारी ली। जिन बंदियों के पास निजी अधिवक्ता नहीं है या उनकी पैरवी ठीक से नहीं हो पा रही है, उन्हें विधिक सहायता दिलाए जाने के निर्देश दिए गए।
तत्पश्चात् मुलाकाती क्षेत्र में स्थापित लीगल एड हेल्प डेस्क का निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर जेल अधीक्षक नीरज देव, कारापाल प्रदीप कुमार, चिकित्साधिकारी डॉ. राहुल बर्मन, उपकारापाल अमर सिंह एवं संगेश कुमार उपस्थित रहे। बंदियों ने कोई गंभीर समस्या नहीं बताई।
फोटो परिचय- कारागार उरई में दिशा-निर्देश देंती सचिव शाम्भवी

Post a Comment

Previous Post Next Post