उरई(जालौन)। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह की अध्यक्षता में पुलिस लाइन सभागार में कानून व्यवस्था एवं जनपद स्तरीय टास्क फोर्स समिति की उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में अवैध खनन, ओवरलोडिंग एवं बिना रॉयल्टी परिवहन के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनपद में अवैध खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शासन की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अब ड्रोन कैमरों से खनन पट्टा क्षेत्रों की आकस्मिक निगरानी की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि स्रोत स्थल पर ही अवैध खनन व परिवहन को रोका जाए। तीन बार अवैध गतिविधियों में पकड़े गए वाहनों को ब्लैकलिस्ट कर सीज एवं स्क्रैप कराने की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
डीएम ने कहा कि कोई भी अधिकारी अकेले चेकिंग नहीं करेगा। टास्क फोर्स समितियों द्वारा संयुक्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। यदि किसी बालू पट्टाधारक की अवैध खनन में संलिप्तता पाई जाती है, तो उसके विरुद्ध कड़ी विधिक कार्रवाई करते हुए पट्टा निरस्तीकरण की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।
तहसील स्तरीय टास्क फोर्स समितियों की निगरानी के लिए पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी, आईपीएस एवं एडीएम नमामि गंगे प्रेमचंद मौर्य को जनपद प्रभारी नामित किया गया। साथ ही, कालपी स्थित यमुना पुल के मरम्मत कार्य को देखते हुए वैकल्पिक यातायात व्यवस्था की समीक्षा कर जाम से बचने के निर्देश दिए गए। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक, प्रभागीय वनाधिकारी, समस्त उपजिलाधिकारी व सीओ मौजूद रहे।
फोटो परिचय- टास्क फोर्स समिति की बैठक लेते डीएम,एसपी
Post a Comment