अमृत योजना अधर में: रामनगर उत्तरी वार्ड 5 में पेयजल संकट गहराया, सड़क खुदाई के बाद मरम्मत अधूरी


*स्नेहलता रायपुरिया की रिपोर्ट*
 उरई (जालौन)। नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड संख्या 5 रामनगर उत्तरी में अमृत योजना के तहत चल रहे पेयजल पाइपलाइन कार्य ने स्थानीय निवासियों के लिए राहत की बजाय परेशानी खड़ी कर दी है। क्षेत्रवासियों ने सभासद अभिलाषा देवी को आवेदन पत्र देकर समस्या से अवगत कराया और जल्द समाधान की मांग की है।
आवेदन में बताया गया है कि पेयजल पाइपलाइन डालने के लिए सीसी सड़क को मशीन द्वारा खोद दिया गया था। कार्य के दौरान लगभग 3 इंच का पाइप तो डाल दिया गया, लेकिन इसके बाद गड्ढों को केवल मिट्टी से भरकर छोड़ दिया गया। नियमानुसार जहां सड़क की खुदाई की जाती है, वहां सीसी मरम्मत कार्य होना आवश्यक है, लेकिन एक माह बीत जाने के बाद भी ठेकेदार द्वारा मरम्मत कार्य नहीं कराया गया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि अधूरे कार्य के कारण न केवल सड़क की स्थिति खराब हो गई है, बल्कि पाइपलाइन का काम रुकने से पेयजल आपूर्ति भी बाधित हो गई है। इसके चलते क्षेत्र के लोगों को रोजाना पानी की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। कई परिवारों को दूर-दूर से पानी लाना पड़ रहा है, जिससे उनकी दिनचर्या प्रभावित हो रही है।
क्षेत्रवासियों ने बताया कि कई बार संबंधित ठेकेदार और विभागीय अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। बरसात का मौसम नजदीक होने के कारण लोगों की चिंता और बढ़ गई है, क्योंकि अधूरी सड़क और भरे हुए गड्ढे दुर्घटना का कारण बन सकते हैं।
सभासद अभिलाषा देवी ने आश्वासन दिया है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग और अधिकारियों से बातचीत कर जल्द ही कार्य को पूरा कराया जाएगा, ताकि लोगों को पेयजल संकट से राहत मिल सके।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कितनी तेजी से संज्ञान लेकर समाधान करता है, या फिर क्षेत्रवासी यूं ही परेशानी झेलने को मजबूर रहेंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post