समाधान दिवस में 31 शिकायतें दर्ज, सात का मौके पर निस्तारण


-राजस्व और पुलिस मामलों की रही अधिकता, अधिकारियों ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
कालपी(जालौन)। शनिवार को आयोजित समाधान दिवस में फरियादियों ने बढ़-चढ़कर अपनी समस्याएं रखीं। उप़ि़जलाधिकारी मनोज कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुए इस कार्यक्रम में कुल 31 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें राजस्व विभाग से संबंधित 11 और पुलिस विभाग के 8 मामले प्रमुख रूप से शामिल रहे। मौके पर ही 7 शिकायतों का निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को सौंपकर शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए।

तहसील सभागार में आयोजित समाधान दिवस के अवसर पर क्षेत्राधिकारी अवधेश कुमार सिंह, नायब तहसीलदार चंद्र मोहन शुक्ला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान ग्रामीण और नगर क्षेत्र से आए फरियादियों ने भूमि विवाद, जल निकासी, अतिक्रमण और जर्जर भवनों से संबंधित समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। ग्राम सिम्हारा के निवासी सुरेश कुमार ने चक रोड पर अवैध कब्जे की शिकायत की, वहीं इटौरा गुरु के विनोद गौतम ने सार्वजनिक नाले की सफाई और गहरीकरण की मांग उठाई। मिर्जामंडी निवासी पवन कुमार तिवारी ने एक जर्जर मकान से होने वाले खतरे को लेकर कार्रवाई की मांग की। इसके अलावा मवई वावनी के विनोद कुमार ने चक रोड की पैमाइश तथा सभासद कपिल शुक्ला ने मोहल्ले में जलभराव की समस्या से अवगत कराया। समाधान दिवस के समापन पर उपजिलाधिकारी ने पूर्व में प्राप्त शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी मामलों का निस्तारण गुणवत्ता के साथ और समयबद्ध तरीके से किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी। इस अवसर पर राजस्व, पुलिस, नगर पालिका, विद्युत, शिक्षा, पूर्ति और जल संस्थान समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
फोटो परिचय-समाधान दिवस के दौरान फरियादियों की समस्याएं सुनते अधिकारी

Post a Comment

Previous Post Next Post