कालपी(जालौन)। नगर पालिका परिषद में जनगणना 2026 के प्रथम चरण की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अधिशासी अधिकारी अवनीश कुमार शुक्ला ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश में 7 मई से स्व-गणना अभियान की शुरुआत हो रही है, जो 21 मई तक संचालित किया जाएगा। इसके बाद दूसरे चरण की गणना प्रक्रिया 22 मई से 20 जून तक चलेगी।
उन्होंने बताया कि इस बार नागरिकों को ऑनलाइन माध्यम से स्वयं अपने परिवार एवं मकान से संबंधित विवरण दर्ज करना होगा। शासन का उद्देश्य सही जानकारी, सही गणना और सही विकास सुनिश्चित करना है, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्रों तक पहुंच सके। अधिशासी अधिकारी ने बताया कि स्व-गणना के दौरान परिवारों से उपभोग किए जाने वाले मुख्य खाद्यान्न की जानकारी भी मांगी जाएगी। परिवार को वही अनाज दर्ज करना होगा, जिसका उपयोग घर में सबसे अधिक किया जाता है। उदाहरण के तौर पर यदि परिवार में गेहूं का उपयोग अधिक है तो गेहूं और यदि चावल अधिक खाया जाता है तो चावल अंकित करना होगा।
उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि जनगणना पोर्टल पर सही एवं स्पष्ट जानकारी भरें, जिससे आंकड़ों की शुद्धता बनी रहे। जनगणना कार्य को सफल बनाने के लिए नगर क्षेत्र में 110 प्रशिक्षित कर्मचारियों, सुपरवाइजरों एवं प्रगणकों की तैनाती की गई है।
फोटो परिचय- जनगणना अभियान की जानकारी देते अधिशासी अधिकारी
Post a Comment