कालपी(जालौन)। नगर में पान मसाला एवं गुटखा की कथित जमाखोरी और ऊंचे दामों पर बिक्री को लेकर व्यापारियों का आक्रोश खुलकर सामने आया। आक्रोशित व्यापारियों ने जुलूस निकालकर विरोध प्रदर्शन किया और एक प्रमुख पान मसाला डीलर के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उसका पुतला फूंककर अपना रोष व्यक्त किया।
व्यापारियों का आरोप है कि गुटखा और पान मसाला के डीलर जानबूझकर माल की जमाखोरी कर रहे हैं, जिससे बाजार में कृत्रिम कमी पैदा हो रही है। इस स्थिति का फायदा उठाकर डीलर छोटे व्यापारियों को मनमाने और ऊंचे दामों पर सामान बेच रहे हैं, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे और उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे। विरोध प्रदर्शन में प्रमुख रूप से दिलीप बाजपेयी, हिमांशु गुप्ता, प्रदीप गुप्ता, ओमप्रकाश गुप्ता, शिवा, राममोहन, मनोज पुरवार और नीरज सोनी सहित दर्जनों व्यापारी मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर डीलरशिप व्यवस्था के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।
फोटो परिचय- गुटका डीलरों का पुतला फूंकते लोग
Post a Comment