राजकीय मेडिकल कॉलेज में डायलिसिस यूनिट का शुभारंभ


-गंभीर मरीजों को अब मिलेगी स्थानीय स्तर पर बड़ी राहत
-सभापति ने चिकित्सा सेवाओं को और सुदृढ़ करने के दिए निर्देश
 (हिमांशु खरकया)
उरई(जालौन)। राजकीय मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती देते हुए नवीन डायलिसिस यूनिट मशीनों का उद्घाटन सभापति, उत्तर प्रदेश विधान परिषद, लखनऊ कुंवर मानवेन्द्र सिंह द्वारा ऑडिटोरियम से वर्चुअल फीता काटकर किया गया। इस पहल से जनपद एवं आसपास के क्षेत्रों के किडनी रोगियों को अब बेहतर और सुलभ उपचार की सुविधा स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेगी।
सभापति श्री सिंह ने चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने पर बल देते हुए कहा कि रोगी हित सर्वाेपरि है और प्रत्येक चिकित्सक को संवेदनशीलता व सेवा भाव के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने राजकीय मेडिकल कॉलेज में उपलब्ध व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए तथा आश्वस्त किया कि चिकित्सा महाविद्यालय के विकास हेतु हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। साथ ही उन्होंने छात्र-छात्राओं को चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करने और मरीजों के प्रति समर्पित भाव रखने का संदेश दिया। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी ने कहा कि नई डायलिसिस यूनिट की स्थापना को जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है, जिससे गंभीर रोगियों को अब दूरस्थ शहरों की ओर रुख करने की आवश्यकता में कमी आएगी और उन्हें समय पर उपचार उपलब्ध हो सकेगा।
राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अरविन्द त्रिवेदी ने विगत एक वर्ष में चिकित्सा महाविद्यालय द्वारा दी गई स्वास्थ्य सेवाओं एवं उपलब्धियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत करते हुए बताया कि संस्थान लगातार मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य कर रहा है।
इस अवसर पर सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह, जिलाध्यक्षा भाजपा उर्विजा दीक्षित, सभापति जे.डी.सी. बृजभूषण सिंह, प्रतिनिधि जलशक्ति मंत्री अरविन्द चौहान सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं चिकित्सकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मेडिकल एवं नर्सिंग फैकल्टी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की सहभागिता रही।
फोटो परिचय- डायलिसिस यूनिट का शुभारंभ करते उपसभापति मानवेन्द्र सिंह

Post a Comment

Previous Post Next Post