आंधी, बारिश व ओलावृष्टि से रबी फसलें बर्बाद, किसानों ने मुआवजे की उठाई मांग


( कैफ रजा)
कालपी(जालौन)। तहसील क्षेत्र के कदौरा व महेवा ब्लाक में बीते एक सप्ताह के दौरान आई तेज आंधी, बेमौसम बारिश व ओलावृष्टि से किसानों की रबी फसलें बुरी तरह प्रभावित हो गई हैं। लगातार हो रहे प्राकृतिक प्रकोप से किसान गहरे संकट में हैं और उनके सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।
भारतीय किसान यूनियन के तहसील अध्यक्ष अजय पाल सिंह राजू मल्थुआ ने विधान परिषद के सभापति कुँवर मानवेंद्र सिंह को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि कालपी तहसील क्षेत्र के ग्राम महेवा व कदौरा ब्लाक में तेज आंधी, बारिश व तूफान के कारण लगभग 70 प्रतिशत रबी फसलें नष्ट हो चुकी हैं। किसानों की महीनों की मेहनत पर पानी फिर गया है, जिससे उनके सामने परिवार के भरण-पोषण का संकट उत्पन्न हो गया है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के किसान हर वर्ष कोटा बैराज से यमुना में आने वाली बाढ़ के कारण भी नुकसान उठाते हैं, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति लगातार कमजोर होती जा रही है। ऐसे में दैवीय आपदा ने किसानों को भुखमरी की कगार पर पहुंचा दिया है। किसान यूनियन ने मांग की है कि प्रभावित किसानों को बीमा कंपनियों व दैवीय आपदा राहत कोष से उचित मुआवजा दिलाया जाए। साथ ही कटाई व नगद (बलकट) के आधार पर भी क्षतिपूर्ति की जाए तथा कर्ज में डूबे किसानों की स्थिति को देखते हुए उनके समस्त ऋण माफ किए जाएं।
  इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष डॉक्टर घनश्याम अनुरागी,सत्येंद्र सिंह, जितेंद्र सिंह, शिव सिंह चौहान, चंद्रपाल सिंह, महेश यादव, जयराम कुशवाहा, अनुराग पांडेय, उधम सिंह, सुरेंद्र पाल, शिवम पाल, हरेंद्र सिंह, अजय सिंह, राम रूप सिंह, गजेंद्र सिंह, विश्राम सिंह, रामकरन, ओम सिंह, विश्वनाथ सिंह, बलवान, रवि सिंह आदि पदाधिकारी व कृषक मौजूद रहे।
फोटो परिचय- सभापति को ज्ञापन सौंपते भाकियू कार्यकर्ता

Post a Comment

Previous Post Next Post