निर्माण कार्यों की प्रगति पर डीएम ने लगाई फटकार, लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश


--293 बड़ी परियोजनाओं की समीक्षा, गुणवत्ता व समयबद्धता पर जीरो टॉलरेंस
 (हिमांशु खरकया)
उरई (जालौन)। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद की 293 बड़ी निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इन सभी परियोजनाओं की लागत एक करोड़ रुपये से अधिक है और ये सीएमआईएस पोर्टल पर दर्ज हैं।
बैठक में डीएम ने निर्माण कार्यों में धीमी प्रगति पर गहरी नाराजगी जताई। विशेष रूप से उप्र प्रोजेक्ट कॉरपोरेशन द्वारा जिला कारागार उरई, मेडिकल कॉलेज में 50 बेड क्रिटिकल केयर यूनिट तथा तहसील उरई के अनावासीय भवन के कार्यों में लापरवाही पर असंतोष व्यक्त किया। राजकीय निर्माण निगम द्वारा नर्सिंग कॉलेज निर्माण में विलंब पर डीएम ने संबंधित परियोजना प्रबंधक व अधिशासी अभियंता के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।इसके अलावा जल निगम (नगरीय) की जलापूर्ति योजनाओं, पुलिस आवास निगम द्वारा थाना रेंढर व गोहन के भवनों तथा गो-संरक्षण केंद्रों के निर्माण में अपेक्षित प्रगति न मिलने पर डीएम ने कड़ी फटकार लगाई।

 उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसी संस्थाओं को कार्य आवंटित नहीं किया जाएगा। डीएम ने स्पष्ट किया कि गुणवत्ता व समयबद्धता में किसी भी तरह की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बिना सूचना बैठक से अनुपस्थित परियोजना प्रबंधकों व अधिशासी अभियंताओं पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, अपर जिलाधिकारी संजय कुमार, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नेहा ब्याडवाल, डीआईओएस राजकुमार पंडित, बीएसए चंद्रप्रकाश, डीपीआरओ राम अयोध्या प्रसाद सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
फोटो परिचय- बैठक करते डीएम व अन्य

Post a Comment

Previous Post Next Post