रामपुरा,(जालौन)। जनहित की अनदेखी कर सड़क पर किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ आखिरकार ग्राम पंचायत ने सख्त रुख अपनाते हुए बुलडोजर कार्रवाई की। सड़क निर्माण में बाधा बन रहे अतिक्रमण को जेसीबी की मदद से हटाकर वर्षों पुरानी समस्या से ग्रामीणों को निजात दिलाई गई।
विकासखंड रामपुरा की ग्राम पंचायत जगम्मनपुर अंतर्गत पंचनद रोड से दलित बस्ती बाल्मीकि, खटीक, कोरी एवं दोहरे मोहल्ला की ओर जाने वाले मार्ग पर बनी सीसी सड़क पर अवैध कब्जों के कारण रास्ता लगातार संकरा होता जा रहा था। इससे स्थानीय निवासियों को रोजमर्रा के आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।
ग्रामीणों द्वारा लगातार की जा रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए ग्राम प्रधान प्रज्ञादीप गौतम ने मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि लगभग दस वर्ष पूर्व डलवाई गई सीसी सड़क पर अतिक्रमण कर लिया गया है। इसके बाद पंचायत के निर्देश पर जेसीबी लगाकर अवैध कब्जों को ध्वस्त किया गया और सड़क पर फैले मलबे को भी हटवाया गया।ग्राम प्रधान ने बताया कि अब रास्ते को पूरी तरह चौड़ा कर इस पर इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण कराया जाएगा, जिससे दलित बस्ती बाल्मीकि, कोरी, खटीक व दोहरे मोहल्ला के सैकड़ों निवासियों को स्थायी राहत मिलेगी।पंचायत की इस निर्णायक कार्रवाई से ग्रामीणों में हर्ष का माहौल है। लोगों ने ग्राम प्रधान के साहसिक कदम की सराहना करते हुए कहा कि यदि ऐसे ही जनहित में सख्ती बरती जाए तो गांव की तस्वीर बदली जा सकती है।
फोटो परिचय- ग्राम पंचायत में अतिक्रमण हटाती जेसीबी
Post a Comment