उरई(जालौन)। एक चौंकाने वाली घटना में शहर के मेडिकल कॉलेज में अपनी प्रेमिका के इलाज में जुटा एक युवक आधी रात के बाद से रहस्यमय तरीके से लापता हो गया है। लापता युवक शुभाशीष के परिवार ने प्रेमिका और उसके परिजनों पर उसे प्रताड़ित करने, धमकाने और गायब करने का गंभीर आरोप लगाया है।
यह मामला तब सामने आया जब लापता युवक के पिता ने पुलिस अधीक्षक और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक उरई से न्याय की गुहार लगाते हुए मेडिकल कॉलेज चौकी पुलिस अपने बेटे के लापता होने की सूचना दी है।
पिता के गंभीर आरोप
---------------------------
शुभाशीष के पिता के अनुसार, उनका बेटा अपनी प्रेमिका (हमीरपुर जिले के थाने के गांव की निवासी) की मेडिकल कॉलेज उरई में देखभाल कर रहा था। गत दिवस प्रेमिका ने शादी का दबाव बनाने के लिए नाले में छलांग लगा दी थी, जिसके बाद उसका इलाज चल रहा था। पिता का आरोप है कि रात के समय प्रेमिका के पिता चंद्रभान और शराबी भाई ने शुभाशीष के साथ गाली-गलौज की, बदतमीजी की और उसे प्रताड़ित किया। उन्होंने यह भी बताया कि प्रेमिका के भाई ने शुभाशीष को 'सबक सिखाने' की धमकी भी दी थी।
फोन प्रेमिका के कब्जे में, कोई सुराग नहीं
-----------------------------------------
घटना के बाद शुभाशीष का मोबाइल फोन उसकी प्रेमिका के कब्जे में पाया गया। परिवार का मानना है कि इस फोन की कॉल डिटेल से युवक के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है। हालांकि, अब तक की गई तमाम खोजबीन के बावजूद शुभाशीष का कुछ पता नहीं चल पाया है।
परिवार न्याय की मांग कर रहा है
--------------------------------------
कोतवाली जालौन अंतर्गत ग्राम कुंवरपुरा निवासी लापता युवक के पिता अरविंद कुमार ने स्पष्ट तौर पर प्रेमिका और उसके भाई को ही इस पूरी 'कारस्तानी' के लिए जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने पुलिस से तत्काल कड़ी कार्रवाई करते हुए अपने बेटे को ढूंढ़ने और उसके साथ हुई बदसलूकी के लिए दोषियों को सजा दिलाने की मांग की है।
Post a Comment