कुठौंद,(जालौन)। जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय ने ब्लॉक कुठौंद के अंतर्गत ग्राम पंचायत पंडितपुर में तालाब सुंदरीकरण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक दुर्गेश कुमार भी उनके साथ मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि तालाब का कार्य अधूरा है, लेकिन ब्लॉक प्रशासन द्वारा इसे लोकार्पण के लिए तैयार दिखाने का प्रयास किया जा रहा था।
काम की वास्तविक स्थिति देख जिलाधिकारी ने न केवल लोकार्पण करने से इनकार कर दिया, बल्कि संबंधित अधिकारियों को कड़ी हिदायत भी दी। उन्होंने कहा कि जब तक तालाब का कार्य पूर्ण रूप से नहीं हो जाता, तब तक इसका लोकार्पण नहीं किया जाएगा।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि होली पर्व से पहले सभी कमियों को दुरुस्त कर लिया जाए। उन्होंने तालाब के चारों ओर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने, तालाब को और गहरा करने तथा वहां स्थित दुर्गा माता मंदिर की पुताई और मरम्मत कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह, सहायक विकास अधिकारी बृजेंद्र त्रिपाठी, ग्राम विकास अधिकारी अरुण कुमार व शिवम गुप्ता, इंजीनियर सुमित कुमार, सचिव विनय कुमार स्वर्णकार, सचिव जय सिंह यादव, कुठौंद थाना प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार पाठक सहित विकासखंड के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।
फोटो परिचय- डीएम,सीडीओ का स्वागत करते बीडीओ
Post a Comment