--पहले चरण में 3,500 उपभोक्ताओं ने किया रिचार्ज सिस्टम का उपयोग
कालपी (जालौन)। नगर में स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए प्रीपेड भुगतान व्यवस्था लागू कर दी गई है। विद्युत विभाग द्वारा पहले चरण में कुल 68 सौ स्मार्ट मीटर घरों में लगाए जा चुके हैं, जिनमें से 35 सौ उपभोक्ताओं के लिए प्रीपेड रिचार्ज प्रणाली सक्रिय कर दी गई है। विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपनी अनुमानित खपत के अनुसार अग्रिम रिचार्ज कराएं, जिस पर उन्हें दो प्रतिशत की छूट का लाभ भी मिलेगा।
उक्त जानकारी देते हुए उपखंड अधिकारी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि उपखंड कालपी क्षेत्र में कुल 22,078 विद्युत उपभोक्ता पंजीकृत हैं, स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है, ताकि सभी उपभोक्ताओं को आधुनिक और पारदर्शी विद्युत सेवा उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने बताया कि उपभोक्ता उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड के स्मार्ट मीटर ऐप के माध्यम से अपनी बिजली खपत की रियल टाइम निगरानी कर सकते हैं। ऐप पर मीटर रीडिंग, डिमांड, खपत विवरण, बकाया बिल देखने के साथ-साथ ऑनलाइन भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध है। इसके अलावा कनेक्शन का लोड घटाने-बढ़ाने या अन्य सेवाओं के लिए घर बैठे आवेदन किया जा सकता है।उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि वे अपने स्मार्टफोन में गूगल प्ले स्टोर से यूपीपीसीएल स्मार्ट मीटर ऐप डाउनलोड कर साइन-अप करें और डिजिटल सुविधाओं का लाभ उठाएं।
विभागीय अधिकारियों का कहना है कि स्मार्ट मीटर और प्रीपेड सिस्टम से न केवल बिजली की बचत को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि बिलिंग में पारदर्शिता के साथ उपभोक्ताओं को समय और धन दोनों की बचत होगी।
Post a Comment