--13 शिकायतें दर्ज, राजस्व से जुड़े मामलों की संख्या अधिक
कालपी (जालौन)। शनिवार को तहसील परिसर में समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तहसील समाधान की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी मनोज कुमार सिंह ने की, जबकि क्षेत्राधिकारी अवधेश कुमार सिंह की उपस्थिति रही।
समाधान दिवस में कुल 13 शिकायतें प्रस्तुत की गईं, जिनमें सर्वाधिक मामले राजस्व विभाग से संबंधित रहे। समाधान दिवस के दौरान फरियादियों ने विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। नियामतपुर निवासी लाल पुत्र श्याम करण ने बाजार के पास सार्वजनिक रास्ते पर अवैध कब्जे की शिकायत करते हुए उसे रोके जाने की मांग की। ग्राम संदी निवासी कदीर बेग ने चकरोड पर कथित अतिक्रमण की शिकायत दर्ज कराई। मोहल्ला काजीपुरा निवासी नीरज कुमार ने आलमपुर की भूमि का गलत तरीके से बैनामा किए जाने का आरोप लगाया। वहीं ग्राम सिम्हारा के सुरेश ने चकरोड को कब्जा मुक्त कराने का अनुरोध किया। ग्राम लोहारगांव निवासी शैलेंद्र कुमार ने एक व्यक्ति पर आईटीआई में प्रवेश दिलाने के नाम पर लिए गए 27 हजार रुपये वापस न करने का आरोप लगाते हुए प्रार्थना पत्र सौंपा।
उपजिलाधिकारी ने पिछले समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों के विभागवार निस्तारण की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मामलों का स्थलीय निरीक्षण कर गुणवत्ता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा शिकायतकर्ता का पक्ष अवश्य सुना जाए।
समाधान दिवस में तहसीलदार अभिनव कुमार तिवारी, नायब तहसीलदार चंद्रमोहन शुक्ला, राजस्व निरीक्षक हरेंद्र सिंह सेंगर, नगर पालिका परिषद के लिपिक रमेश सिंह, विद्युत विभाग के उपखंड अधिकारी धर्मेंद्र सिंह सचान, जल संस्थान के अवर अभियंता वासित अली, पूर्ति विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व पुलिस के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
फोटो- तहसील समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याएं सुनते अधिकारी
Post a Comment