उरई,(जालौन)। एससी/एसटी एक्ट के तहत दर्ज दलित युवक की हत्या के मामले में पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार का कहना है कि घटना के दो महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद एक नामजद अभियुक्त फरार है और शासन द्वारा निर्धारित तत्काल आर्थिक सहायता भी नहीं मिली है।
पीड़ित महेंद्र उर्फ बाबा (पुत्र भोगीलाल जाटव), निवासी बघौरा की दिनांक 17 दिसंबर 2025 को यूपी के उरई में बाईपास रोड के पास तीन व्यक्तियों ने हत्या कर दी थी। इस संबंध में कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज है। पीड़ित के बड़े भाई राजकुमार जाटव ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को भेजे प्रत्यावेदन में आरोप लगाया है कि मुख्य अभियुक्त अल्ताफ (पुत्र इलयास) अभी तक पुलिस की पकड़ से बाहर है। उन्होंने अल्ताफ के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट लगाने और हत्या में इस्तेमाल वाहन बरामद करने की मांग की है।
परिवार ने यह भी बताया कि घटना के बाद से अल्ताफ और उसके साथी लगातार परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं, जिससे उनकी सुरक्षा को खतरा है। साथ ही, एससी/एसटी एक्ट के तहत हत्या के मामले में शासन द्वारा निर्धारित आर्थिक मुआवजा भी अभी तक जारी नहीं किया गया है। पीड़ित मजदूरी करके अपने नाबालिग बच्चों का पालन-पोषण करता था, जो अब बेसहारा हो गए हैं।
परिवार ने प्रशासन से फरार अभियुक्त की तत्काल गिरफ्तारी, परिवार की सुरक्षा और मुआवजा जारी करने की मांग की है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक कार्यालय से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिली है।
Post a Comment