जालौन। पुलिस अधीक्षक जालौन के कुशल नेतृत्व में कोतवाली जालौन पुलिस ने एक हत्या के मामले का महज 48 घंटे के भीतर ही सफलतापूर्वक खुलासा कर दोषी को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला कोतवाली क्षेत्र के गाँव हरकौती का है, जहाँ दिनांक 04 जनवरी, 2026 को पवन कुमार ने अपनी 55 वर्षीय चाची कमला देवी की अज्ञात व्यक्ति द्वारा हत्या की सूचना पुलिस को दी थी। इसके आधार पर तत्काल एफआईआर दर्ज करते हुए शव का पंचनामा व साक्ष्य संकलन का कार्य प्रारंभ किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जालौन ने तीन विशेष जाँच दल गठित किए। पुलिस टीम की त्वरित व बारीक विवेचना और इलेक्ट्रॉनिक व भौतिक साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद शक की सुई गाँव के ही 30 वर्षीय छत्रपाल पुत्र रामदास पर टिकी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के निशानदेही पर एक सफेद टी-शर्ट, बादामी रंग की जीन्स और काले रंग के सफेद सोल वाले जूते भी बरामद किए गए हैं।
पूछताछ में आरोपी छत्रपाल ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि 3 फरवरी की रात वह शराब के नशे में था। उसने कमला देवी के अकेले होने का फायदा उठाकर उसके घर में घुसने और गलत नीयत से उस पर हमला करने की कोशिश की। जब पीड़िता ने विरोध किया तो आवेश में आकर उसने उसका गला दबाकर हत्या कर दी और शव को घर के सामने खेत में फेंक दिया।
प्रभारी निरीक्षक कोतवाली जालौन आनंद कुमार सिंह की अगुवाई वाली पुलिस टीम ने इस मामले में तेजी से कार्रवाई कर अपनी कार्यकुशलता का परिचय दिया है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कानूनी कार्यवाही जारी है।
Post a Comment