कालपी (जालौन)। नगर क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति के दौरान हाई वोल्टेज आने से दो नलकूपों के सबमर्सिबल मोटर जल गए, जिससे कई मोहल्लों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था ठप हो गई। पानी की सप्लाई बाधित होने से नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जल संस्थान के अनुसार मोहल्ला हरीगंज स्थित नलकूप का मोटर खराब हो जाने से सदर बाजार, राजघाट, बजरिया और हरीगंज सहित आसपास के क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति पूरी तरह बंद हो गई थी।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे अवर अभियंता वासित अली ने कर्मचारियों के साथ नया सबमर्सिबल मोटर लगवाकर नलकूप को चालू करा दिया, जिससे जलापूर्ति बहाल हो सकी। इसी क्रम में तहसील परिसर में स्थापित नलकूप का सबमर्सिबल मोटर भी हाई वोल्टेज की चपेट में आकर खराब हो गया। इसके चलते तहसील परिसर, मोहल्ला तरीबुल्दा सहित आस-पास के इलाकों में पेयजल आपूर्ति प्रभावित हुई। विभागीय कर्मचारियों द्वारा मोटर बदलने का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। अवर अभियंता वासित अली ने बताया कि नगर में कुल 15 नलकूपों के माध्यम से पेयजल आपूर्ति की जाती है। हाल के दिनों में विद्युत उतार-चढ़ाव के कारण ट्रांसफार्मर और मोटरों के खराब होने की घटनाएं बढ़ी हैं। उन्होंने दावा किया कि तहसील परिसर के नलकूप को शुक्रवार देर शाम तक चालू कर दिया जाएगा। अन्य क्षेत्रों में जलापूर्ति सामान्य बनी हुई है तथा जहां भी तकनीकी कमियां सामने आ रही हैं, उन्हें तत्काल दुरुस्त कराया जा रहा है।
फोटो परिचय- नलकूप की मोटर सही करते कर्मचारी
फोटो परिचय- नलकूप की मोटर सही करते कर्मचारी
Post a Comment